किसानों की छह सूत्रीय मांगों को लेकर क्रांतिकारी किसान संगठन ने सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर क्रांतिकारी किसान संगठन (मध्य भारत) ब्लॉक गैरतगंज के किसानों ने शासन-प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी/तहसीलदार गैरतगंज के माध्यम से राज्यपाल एवं मध्यप्रदेश शासन को भेजा गया।
ज्ञापन में किसानों ने फसलों को कीट व्याधि एवं वर्षा से हुए नुकसान का सर्वे कर राहत राशि और बीमा दिलाने, सभी फसलों की एमएसपी पर शीघ्र खरीदी शुरू कराने की मांग की है। इसके साथ ही जंगली जानवरों से होने वाली फसल क्षति का मुआवजा देने, आवारा मवेशियों की उचित व्यवस्था करने तथा सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है।
संगठन ने विशेष रूप से बासमती धान उत्पादक किसानों को जीआई टैग दिलाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की है।
ज्ञापन में कहा गया कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन द्वारा आगामी समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन पर क्रांतिकारी किसान संगठन (मध्य भारत) ब्लॉक गैरतगंज के पदाधिकारियों एवं किसानों के हस्ताक्षर हैं।



