चीलघाट पुल की रेलिंग तोड़ 40 फीट नीचे नदी में समाया सीमेंट से लदा ट्रक

दो लोगों के फंसे होने की आशंका, उफनती नदी में एसडीईआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
कुम्हारी। दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर कुम्हारी थाना क्षेत्र के चीलघाट पुल पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। सीमेंट से लदा 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे उफनती नदी में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक नदी में पलट गया और उसका काफी हिस्सा पानी में डूब गया। ट्रक में दो लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है।
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में ट्रक दिखाई देने की सूचना कुम्हारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बृजेश पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक के आसपास किसी व्यक्ति के दिखाई नहीं देने पर दमोह से एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में सर्चिंग और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
कटनी से दमोह आ रहा था ट्रक
जानकारी के अनुसार इंदौर पासिंग 18 चक्का ट्रक कटनी से सीमेंट लेकर दमोह की ओर आ रहा था। चीलघाट पुल पर अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे नदी में जा गिरा। नदी में गिरने के बाद ट्रक पलट गया और पानी में काफी हिस्सा डूब गया।
दो लोगों के फंसे होने की आशंका
पुलिस के अनुसार ट्रक में दो लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि नदी में पानी अधिक होने और ट्रक के पलटे होने के कारण अंदर फंसे लोगों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। ट्रक को बाहर निकालने और सीधा करने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है। ट्रक के अपनी जगह से हटने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
उफनती नदी में रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण
पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते चीलघाट में नदी उफान पर है। पुल से नदी की गहराई करीब 40 फीट होने के कारण रेस्क्यू टीम को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दमोह से पहुंची करीब 12 सदस्यीय एसडीईआरएफ टीम नदी में सर्चिंग कर रही है।
कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे के अनुसार डायल-100 के माध्यम से रात करीब एक बजे ट्रक के चीलघाट पुल से नदी में गिरने की सूचना मिली थी। ट्रक में सीमेंट लदा हुआ है और दो लोगों के फंसे होने की आशंका है। एसडीईआरएफ टीम रेस्क्यू में जुटी है और क्रेन भी बुलाई जा रही है। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान जारी था।



