पतंजलि योग समिति सिलवानी का एक दिवसीय निःशुल्क इंटीग्रेटेड योग शिविर आयोजित

सिलवानी। पतंजलि योग समिति सिलवानी के तत्वावधान में स्थानीय कम्युनिटी हॉल में एक दिवसीय निःशुल्क इंटीग्रेटेड योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी देवी बाई जैन, योग प्रभारी एवं राज्य प्रभारी भगत सिंह योगाचार्य, महामंत्री लक्ष्मण विश्वकर्मा, कटनी जिला प्रभारी अभिलाष गौतम, सह राज्य प्रभारी (पतंजलि किसान सेवा समिति, मध्यप्रदेश) सुरेन्द्र आर्य तथा पूर्व तहसील प्रभारी रामगोपाल साहू ने दीप प्रज्ज्वलन एवं वेदमंत्रोच्चार के साथ किया।
शिविर में योगाचार्य भगत सिंह ने साधकों को सूर्य नमस्कार, यौगिक जॉगिंग, विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है तथा अनेक रोगों से बचाव संभव है। उन्होंने खड़े होकर किए जाने वाले संवर्धनात्मक, बैठकर किए जाने वाले ध्यानात्मक एवं लेटकर किए जाने वाले विश्रांतात्मक आसनों की विधि, उनके लाभ तथा वैज्ञानिक महत्व की विस्तार से जानकारी दी।
योगाचार्य भगत सिंह ने कहा कि योगासन शारीरिक क्षमता का विकास करते हैं, जबकि प्राणायाम मानसिक एवं आत्मिक शक्ति को बढ़ाता है। योग व्यक्ति को आत्मनियंत्रण, अनुशासन एवं स्व-उपचार की भावना विकसित करने की प्रेरणा देता है। नियमित साधना से व्यक्ति आत्मविजेता बन सकता है।
इस अवसर पर राज्य प्रभारी भगत सिंह योगाचार्य ने मुख्य अतिथि श्रीमती देवी बाई जैन सहित निःशुल्क योग कक्षाओं का संचालन करने वाले शिक्षकों एवं साधकों का चंदन, अक्षत, अंगवस्त्र एवं पुष्पहार से सम्मान किया। सम्मानित होने वालों में निरंजना जैन, संगीता जैन, गीता साहू, रामगोपाल साहू, कैलाश चौरसिया, संजीव जैन, डॉ. बलीराम विश्वकर्मा (ऊषापुर), ताराचंद जैन, प्रज्ञा सेवक जैन, सुनीलचंद जैन, शिब्बू सोनी तथा देवेन्द्र विश्वकर्मा सहित अनेक साधक शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में रामगोपाल साहू ने सभी अतिथियों, योग शिक्षकों एवं साधक भाई-बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में ताराचंद पटेल, शिवदयाल सोनी, केशव चौरसिया, वालाराम सेन, राजेंद्र गुप्ता, पवन जैन, विनीत जैन, फूलचंद गिरदाबल, सुरेश सेन, गोपाल सिंह राजपूत, जयराम सिंह लोधी, प्रह्लाद विश्वकर्मा, सब्बूलाल ठाकुर, बैजनाथ राय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं साधक उपस्थित रहे।



