मध्य प्रदेश

पिकअप वाहन पलटने से 14 लोगों की मौत, 21 घायल, सीएम ने की शोक संवेदना व्यक्त

चौक के कार्यक्रम से लोटते समय हुआ हादसा
मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

डिंडोरी । मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले में एक पिकअप वाहन पलटने से 14 लोगों की मौत हो गई। 21 लोग घायल हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने मृतकों और घायलों की पुष्टि की है।
हादसा बिछिया थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के तीन से चार बजे के बीच हुआ। ये लोग गोद भराई की रस्म से लौट रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए आर्थिक मदद की घोषणा भी की है और घायलों के इलाज के निर्देश दिए है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मरकाम के अनुसार ग्रामीण अमाही देवरी गांव से मंडला जिले के मसूर घुघरी गांव चौक के कार्यक्रम के लिए गए थे। लौटते समय पिकअप MP20 GB 4146 अनियंत्रित पलटी और 20 फीट नीचे खेत में जा गिरी। घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल शहपुरा अस्पताल पहुंच गए। इस वाहन में करीब 45 लोग सवार थे। इस पिकअप वाहन का बीमा 2021 में और फिटनेस सितंबर 2022 से एक्सपायर हो चुकी थी।
सीएम मोहन यादव ने जताया शोक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिंडोरी जिले में हुई वाहन दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button