मकानों में नम्बर प्लेट लगाने के नाम पर लूट, जनपद अध्यक्ष ने आपत्ति करवाई दर्ज

प्रति नम्बर प्लेट 50 रुपये वसूलने की तैयारी में, ग्रामीणों में रोष
उमरियापान । ढीमरखेड़ा जनपद के अंतर्गत आने वाली सभी 73 पंचायतों के सभी ग्रामों में नम्बर प्लेट लगाने के नाम पर ग्रामीणों से 50 रुपये प्रति नम्बर प्लेट लिये जाने की तैयारी कर ली गई है। इस काम को करने का ठेका बाहरी प्रदेश के लोगों को दिया गया है जबकि उक्त नम्बर प्लेटों का कोई महत्व नहीं है बावजूद इसके ग्रामीणों को लगवाने के लिये विवष किया जा रहा है और नहीं लगवाने पर शासन की योजनाएं का लाभ नहीं मिलने का कहकर भ्रमित किया जा रहा है।
जनपद अध्यक्ष ने आपत्ति करवाई दर्ज
इस संबंध में ढीमरखेड़ा जनपद अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर मांग की है कि उक्त प्रक्रिया निरस्त की जाये। चूंकि जिन लोगों के द्वारा नम्बर प्लेट लगाई जा रही है वो बाहरी है और उनके द्वारा ग्रामीणों से अनावश्यक रुप से राशि की वसूली की जा रही है और ग्रामीणों के साथ अभद्रता भी की जा रही है। इस बात की शिकायत ग्रामीणों के द्वारा उनसे की जा रही है। ग्रामीणों के हित में यह प्रक्रिया निरस्त की जाये।
भ्रमित कर रहे ग्रामीणों को
सूत्रों ने बताया कि उक्त काम करने वाले ग्रामीणों को भ्रमित करने का काम कर रहे है और उनके द्वारा कहां जा रहा है कि यदि आप उक्त नम्बर प्लेट को नहीं लगवायेंगे तो आपका नाम वोटर लिस्ट से कट जायेगा, राशन नहीं मिलेगा और शासन के द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ आपको नहीं मिलेगा, सहित अन्य तरह से ग्रामीणों को भ्रम में डाल रहे है जबकि उक्त प्लेट लगाने का कोई औचित्य ही नहीं है क्योंकि 50 रुपये की राशि ग्रामीण और मजदूर वर्ग के लिये बड़ी होती है।
सीईओ ने समस्त सचिवों को जारी किये आदेश
इस संबंध में सीईओ जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के द्वारा अपने आदेश क्रमांक-2002/पंचा/ज.पं./13 के माध्यम से सभी पंचायत सचिवों को उक्त संबंध उक्त आदेश जारी किया है और नम्बर प्लेट लगाने वालों लोगों की सहायता करने के आदेश दिये गये है।
औचित्यहीन है नम्बर प्लेट
जनपद अध्यक्ष ढीमरखेड़ा सुनीता संतोष दुबे ने पत्र के माध्यम से उक्त प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग की है। चूंकि इस संबंध में ग्रामीण भी नाराज है। उक्त नम्बर प्लेटों का कोई औचित्य नहीं है और शासन अपनी वाहवाही लूटने और स्वछता नारे लिखवाने की बात कर रही है जिससे ग्रामीणो का कोई सरोकार नहीं है। लिहाजा नम्बर प्लेट लगाने वालों को ग्रामीणों की नाराजगी का सामना भी करना पड़ सकता है।
इस संबंध में सुनीता संतोष दुबे
अध्यक्ष, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा का कहना है कि नम्बर प्लेट लगाने का कोई औचित्य नहीं है। उक्त कार्य बाहरी व्यक्तियों के द्वारा ग्रामीणों को भ्रमित करके किया जा रहा है और प्लेट नहीं लगवाने पर शासन की योजनाओं से वंचित करने की बात कहीं जा रही है। इस संबंध में ग्रामीणों की शिकायत पर नम्बर प्लेट नहीं लगाने की मांग की गई है। ग्रामीणों की मांग पर मेरे द्वारा जनपद सीईओ को पत्र प्रेषित किया गया है।



