मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 2 बुलेट पुलिस ने पकड़ी, नाबालिग चला रहे थे बाइक

बंदूक जैसी तेज आवाज से राहगीर परेशान, चालान काटकर न्यायालय में किया पेश
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। नगर में तेज और अजीब आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी दो बुलेट को पकड़ा, जिसे नाबालिग चला रहे थे। बाइक के साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज के कारण आसपास के लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस के अनुसार, कुछ दोपहिया वाहन चालक अपनी बाइकों में ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर लगवा रहे हैं, जिनसे सामान्य साइलेंसर की तुलना में बेहद तेज आवाज निकलती है। कई बार इनकी आवाज बंदूक चलने जैसी प्रतीत होती है, जिससे सड़क पर चल रहे लोगों में असहजता और परेशानी की स्थिति बनती है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बुलेट को जब्त कर बुलेट मलिक संजय सेन और सुशील कुमार के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की और मामले को न्यायालय में पेश किया।
जांच अधिकारी संदीप पवार ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में ₹35 हजार तक का जुर्माना और छह महीने तक की सजा का प्रावधान बताया गया है।
थाना प्रभारी राजीव उईके ने दोपहिया वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वाहनों में कंपनी के निर्धारित साइलेंसर का ही उपयोग करें। मॉडिफाइड अथवा तेज आवाज निकालने वाले साइलेंसर लगाकर सड़क पर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर घूमने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति है।



