रक्त की हर बूंद व्यक्ति के जीवन का नवनिर्माण करती है

सांदीपनि विद्यालय में सत्यार्थ फाउंडेशन ने लगाया रक्तदान शिविर, महिला शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
सिलवानी। शिक्षक दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था सत्यार्थ फाउंडेशन द्वारा सांदीपनि विद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रक्तदान करने के लिए युवाओं और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। महिला शिक्षकों ने भी आगे बढ़कर रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
रक्तदान करने वाले शिक्षकों ने कहा कि रक्तदान जीवन का सबसे बड़ा दान है। हमारे रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में सहायक बन सकती है। इससे बड़ा कोई धर्म और दान नहीं हो सकता। शिविर में एकत्रित रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा, जिससे कई लोगों का जीवन बचाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान रक्तदान को लेकर लोगों में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का भी संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
शिविर में मेडिकल कॉलेज हमीदिया की रक्तदान टीम ने रक्त एकत्रित किया। इस अवसर पर अरविंद पाठक, विजय सोनी, प्रदीप कुशवाह सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे।



