मध्य प्रदेश

वेदपाठी छात्र की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़: परिजनों ने लगाया हत्या और प्रताड़ना का आरोप

निष्पक्ष जांच की मांग
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान थाना अंतर्गत महर्षि महेश योगी वैदिक आश्रम में छात्र की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है ।  करौंदी आश्रम के कमरे में फंदे पर लटके मिले छात्र के परिजनों ने मानसिक प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है ।
मृतक के परिजनों के अनुसार, छात्र ने आश्रम के कुछ साथियों से उधार पैसे ले रखे थे, जिसे लेकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था ।  परिजनों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले ही छात्र घर से 15 हजार रुपये की राशि एक व्यक्ति को देने के लिए लेकर आश्रम लौटा था। लेन-देन के इसी विवाद और दबाव के चलते उस पर मानसिक तनाव बनाया जा रहा था ।
*रक्षाबंधन पर घर आने का किया था वादा*
घटना से ठीक एक दिन पहले छात्र ने अपनी बहनों से फोन पर बात कर रक्षाबंधन पर घर आने का वादा किया था ।  बहनें कलाई पर राखी बांधने का इंतजार करती रहीं, लेकिन अगले ही दिन आश्रम से मौत की खबर पहुंच गई । परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि छात्र ने यह आत्मघाती कदम लगातार मिल रही प्रताड़ना और उकसावे के कारण ही उठाया है ।
*पुलिस और आश्रम प्रशासन का पक्ष*
उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है ।  पुलिस मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ।  लेन-देन और प्रताड़ना के आरोपों को ध्यान में रखते हुए आश्रम के अन्य छात्रों व संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है ।
दूसरी ओर, आश्रम प्रमुख अरविंद सिंह का कहना है कि छात्र पिछले कुछ दिनों से तनाव में था । आश्रम स्तर पर प्रताड़ना या शिकायत की कोई बात सामने नहीं आई है, फिर भी पुलिस जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है ।

Related Articles

Back to top button