आजाद अध्यापक संघ के बैनर तले धरना प्रदर्शन गुरुवार से महामाया चौक में धरना प्रदर्शन शुरू
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष भरत पटेल धरने में बोले प्रदेश की शिवराज सरकार कर रही अध्यापकों के साथ सौतेला व्यवहार
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। आजाद अध्यापक संघ जिला इकाई रायसेन के बैनर तले गुरुवार की शाम 4 बजे से दीनदयाल शॉपिंग काम्प्लेक्स परिसर महामाया चौक में अध्यापकों का धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। जिसमें प्रमुख रूप से संगठन के प्रदेशाध्यक्ष भरत पटेल शामिल हुए।धरने में विरोध प्रदर्शन करते हुए मीडिया कर्मियों से बोले कि प्रदेश की शिवराज सरकार अध्यापकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। लेकिन अब इसे बिल्कुल माफ़ नहीं किया जाएगा। जबकि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और यूपी की योगी सरकार द्वारा अध्यापकों के हित में न्याय संगत निर्णय लेते हुए उन्हें नियमित कर अन्य सुविधाएं लागू कर दी गई है। ऐसे में मप्र के अध्यापकों के लिए बीमा है न पेंशन है, जीवन भर का टेंशन है। इस मौके पर आजाद अध्यापक संघ के भोपाल संभागीय उपाध्यक्ष सीताराम रैकवार, राजेश जोशी, मनोज शाक्या, भंवर मौर्य, विमला गौर आदि उपस्थित हुए।
अध्यापकों की क्रमोन्नति की जगह समयमान वेतनमान मिलने की उम्मीद है। किंतु मप्र राज्य शिक्षा सेवा में शामिल हुए अध्यापक संवर्ग के हजारों शिक्षकों को करीब पंद्रह वर्ष की सेवा के बाद भी बारह वर्षीय क्रमोन्नति का लाभ न मिलने से इन शिक्षकों में आक्रोश है। पंचायत निर्वाचन की आचार संहिता प्रभावशील होने से पूर्व प्रांत अध्यक्ष भरत पटेल के नेतृत्व में आजाद अध्यापक शिक्षक संघ क्रमोन्नति, पदोन्नति, स्थानांतरण एवं पुरानी पेंशन लागू कराने के मुद्दों को लेकर मनोकामना यात्रा समूचे प्रदेश में निकाल कर समस्याओं के निराकरण की मांग शासन से कर चुका है।
संघ के जिला संयोजक राजेश जोशी ने बताया कि प्रांत अध्यक्ष भरत पटेल के नेतृत्व में संघ का एक प्रतिनिधि मंडल ने बीते रोज प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती रश्मि अरूण शमी, आयुक्त लोक शिक्षण अभय वर्मा, संयुक्त संचालक आदिम जाति कल्याण विभाग आदि अधिकारियों से मिलकर समस्याओं के निराकरण कराने के लिए ज्ञापन सौंपा है।
प्रतिनिधि मंडल ने आयुक्त लोक शिक्षण से एपीसी व बीआरसीसी की नियुक्ति हेतु क्रमोन्नति प्राप्त माध्यमिक शिक्षकों को भी पात्र मानने की भी मांग की। आयुक्त द्वारा प्राथमिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची का निर्माण एवम् प्रकाशन शीघ्र कराने का आश्वासन दिया गया है। प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती रश्मि अरूण शमी ने दो से तीन माह के अंदर सभी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है।प्रांत अध्यक्ष भरत पटेल के मुताबिक क्रमोन्नति के स्थान पर दस, बीस एवम् तीस बर्ष की सेवा अवधि पर समयमान वेतनमान देने पर कार्य चल रहा है। और शीघ्र ही समयमान वेतनमान प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि संघ 5 सितंबर तक समस्याओं के निराकरण होने का इंतजार करेगा।
धरने में आजाद अध्यापक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष भरत पटेल ,प्रांतीय उपाध्यक्ष सीताराम रायकवार, तेग बहादुर सिंह राजपूत जिला अध्यक्ष, जिला संयोजक राजेश जोशी, जिला प्रवक्ता मनोज शाक्य, जिला कोषाध्यक्ष भंवर सिंह मौर्य, अनीश खान, अरविंद रघुवंशी, सविता ठाकुर, गोपाल सिंह राजपूत, बदन सिंह धाकड़, भगवान सिंह रघुवंशी, बबलू चिढार उपस्थित हुए। धरने का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।



