वार्षिक परीक्षा परिणाम: 5वीं में 85.69 प्रतिशत और 8वीं में 80.58 फीसदी विद्यार्थी पास

रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । 13 साल बाद जिले भर में 5वीं और 8 वीं की परीक्षा बोर्ड पैटर्न पर कराई गई थी। वार्षिक परीक्षा का मूल्यांकन भी ब्लाक बदलने के साथ ही दूसरे जिलों में कराया गया था। प्रदेश के स्कूल शिक्षामंत्री इंदरसिंह परमार ने यह रिजल्ट भोपाल में जारी किया। दोनों कक्षाओं के रिजल्ट में रायसेन जिला संभाग में दूसरे स्थान पर रहा। जबकि 5 वीं में प्रदेश में 25 वें और 8 वीं में 21 वें नंबर पर रहा।
डीपीसी एसके उपाध्याय ने बताया कि रायसेन जिले में 5 वीं में 22806 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसमें से 19609 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हो गए हैं। इनका प्रतिशत 85.63% रहा। इसी तरह 8 वीं में 21486 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 17314 विद्यार्थी पास हुए हैं।
इस तरह 8 वीं का परीक्षा परिणाम जिले भर में 80.58% रहा। वहीं 5 वीं में 3197 छात्र-छात्राओं और 8वीं में 4173 विद्यार्थियों की स्थिति अभी संदिग्ध बनी हुई है। इनमें से कितने छात्रों की पूरक आई है और कितने छात्र फेल हो गए हैं। यह जारी किए गए रिजल्ट में स्पष्ट नहीं हो पाया है। जिले के अधिकारी भी अभी असमंजस में हैं और वे भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं। डीपीसी श्री उपाध्याय ने बताया कि जिन छात्रों की पूरक आएगी, उनकी परीक्षा जून में होगी। जो छात्र-छात्राएं फेल हो गए हैं, उन्हें उसी कक्षा में फिर से अपनी पढ़ाई करना पड़ेगी।



