मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना अंतर्गत 20 नवम्बर को रायसेन में होगा सामूहिक आयोजन

योजना का लाभ लेने हेतु 14 नवम्बर तक कर सकते हैं आवेदन
रायसेन । मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना अंतर्गत रायसेन स्थित दशहरा मैदान में देवउठनी ग्यारस 20 नवम्बर 2026 को सामूहिक विवाह/निकाह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया के निर्देशानुसार इस आयोजन हेतु आयोजक नगर पालिका रायसेन और नोडल अधिकारी श्री मनोज बॉथम उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण को बनाया गया है। इस सामूहिक विवाह/निकाह में सम्मिलित होने हेतु वर-वधू आवेदन फार्म शासन द्वारा निर्धारित पात्रता मापदण्ड शर्तो के तहत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय रायसेन में 14 नवम्बर 2026 तक जमा कर सकते हैं। सामूहिक विवाह/निकाह हेतु प्राप्त आवेदनों में पहले आओ पहले पाओं के माध्यम से जोड़ों का चयन होगा। चयन प्रक्रिया उपरांत सामूहिक विवाह/निकाह में सम्मिलित होने वाले वैवाहिक जोड़ों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना हेतु पात्रता मापदण्ड
योजना का लाभ लेते हेतु वधू/वधू के अभिभावक मध्यप्रदेश के मूल निवासी होना चाहिए। कन्या तथा कन्या के अभिभावक गरीबी रेखा के नीचे जीवन निर्वाह करते हो, साथ हीं इनका बीपीएल पोर्टल पर सत्यापन अनिवार्य होगा। वर, वधू द्वारा विवाह करने के लिए निर्धारित आयु पूर्ण कर ली हो, वर्तमान में कन्या के लिए विवाह करने हेतु न्यूनतम वैधानिक आयु 18 वर्ष एवं पुरूष के लिए विवाह करने हेतु न्यूनतम वैधानिक आयु 21 वर्ष निर्धारित है। इसी प्रकार कन्या का पूर्व में विवाह ना हुआ हो, इस मापदण्ड से आशय यह है कि वर वधू का विवाह योजना अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में ही सम्पन्न हो। ऐसा ना हो कि उनके द्वारा पूर्व में एकल (घर से) या किसी अन्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम द्वारा विवाह कर लिया गया हो। उक्त संबंधित में आवेदक वर एवं वधू को अपने निवासरत निकाय के मुख्य कार्यपालन अधिकारी/मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र संलग्न निर्धारित प्रारूप में आवेदन के साथ प्रस्तुत करना होगा। अधिक जानकारी के लिए रायसेन में दशहरा मैदान स्थित सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं।



