मध्य प्रदेश

तीर सी चुभती सर्द हवा और घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त

सिलवानी।‌ क्षेत्र में मौसम के बदले मिजाज ने जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। तीर सी चुभती सर्द हवा, कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बुधवार को हालात ऐसे रहे कि दिन के समय भी सफेद अंधेरा छाया रहा और करीब 20 फीट की दूरी तक देख पाना मुश्किल हो गया।
घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दृश्यता बेहद कम होने से लोग सतर्कता के साथ वाहन चलाते नजर आए। कई स्थानों पर लोग अपने कामकाज के लिए देर से निकले या घरों में ही दुबके रहे।
कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों में पूरी तरह लिपटे दिखाई दिए। वाहन चालक सिर से लेकर चेहरे तक कपड़े लपेटकर चलने को मजबूर हुए। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी सर्दी का असर साफ नजर आया, जहां आम दिनों की तुलना में आवाजाही कम रही।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी ठंड और कोहरे का असर बने रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button