करोड़ों के गबन मामले में बिशप पीसी सिंह के घर और कार्यालय में ईओडब्ल्यू का छापा
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में गुरुवार 8 सितंबर को राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए द बोर्ड ऑफ एजुकेशन चर्च ऑफ नार्थ इंडिया जबलपुर डायसिस के बिशप पीसी सिंह के घर एवं कार्यालय में छापा मारा। बिशप पर आरोप है कि उन्होंने ने पद पर रहते हुए स्कूल की फीस की करीब पौने तीन करोड़ रुपए की राशि का गबन किया है। बिशप के नेपियर टाउन स्थित निवास एवं कार्यालय में सर्च कार्रवाई को अंजाम दिया।
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत ने बताया कि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ को शिकायत प्राप्त हुई थी कि बिशप पीसी से चेयरमैन द बोर्ड ऑफ एजुकेशन चर्च ऑफ नार्थ इंडिया जबलपुर डायोसिस द्वारा कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर मूल सोसाइटी का नाम परिवर्तन कर उसका चेयरमैन बनकर पद का दुरुपयोग करते हुए सोसाइटी की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में प्राप्त होने वाली विद्यार्थियों की फीस की राशि का उपयोग धार्मिक संस्थाओं को चलाने एवं स्वयं के उपयोग में लाकर गबन किया गया है।
जांच में यह खुलासा हुआ है कि बिशप पीसी सिंह ने शैक्षणिक संस्थाओं से वर्ष 2004-5 से वर्ष 2011-12 के बीच करीब दो करोड़, 70 लाख रुपए की राशि धार्मिक संस्थाओं को ट्रांसफर कर इसका दूरविनियोग किया गया है। साथ ही स्वयं के उपयोग में ले कर उक्त राशि का गवन करना प्रथमदृष्टया प्रमाणित पाया गया है। शिकायत की जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपित बिशप पीसी सिंह एवं तत्कालीन असिस्टेंट रजिस्टार फर्म एंड संस्थाएं बीएस सोलंकी के खिलाफ अमानत में खयानत एवं धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत ईओडब्ल्यू ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है|



