ढीमरखेडा में किसानों की सुविधा के लिए खुलेगा डबल लाक केंद्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । किसानों की खाद सुविधा को दृष्टिगत करते हुए शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह के पत्राचार पहल पर कलेक्टर अवि प्रसाद ने ढ़ीमरखेड़ा में डबल लॉक केन्द्र खोलने के लिए प्रबंध संचालक विपणन संघ भोपाल को पत्र प्रस्ताव प्रेषित किया है। जिसमें उन्होंने उल्लेखित किया है कि जिले में केवल दो स्थानों कटनी और बहोरीबंद में डबल लाक संचालित हैं। भौगोलिक स्थिति के आधार पर किसानों को डबल लॉक केन्द्रों से नगद मे उर्वरक लेने के लिए अभी करीब 80 से 100 किलो मीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे मे यदि ढ़ीमरखेड़ा तहसील मे 2 हजार मेट्रिक टन का डबल लॉक केन्द्र स्थापित हो जाता है तो किसानों को उर्वरक के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही उन्हें सुविधाजनक ढ़ंग से उर्वरक की उपलब्धता हो सकेगी। सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम ने बताया कि क्षेत्रीय किसानों की मांग पर डबल लाक केंद्र स्थापना की पहल की गई है। स्वीकृति मिलते ही केंद्र की स्थापना होगी।



