जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा

11 से 18 नवंबर तक मनाया जा रहा जनजातीय गौरव सप्ताह, कटनी जिले में पंचायत से जिला स्तर तक होंगे विविध आयोजन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है । इस दौरान जनजातीय समाज के वीर महापुरुषों के संघर्ष, शौर्य, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । इसी क्रम में भाजपा जिला कार्यालय कटनी में पत्रकार वार्ता आयोजित कर सप्ताहभर होने वाले आयोजनों की जानकारी दी गई ।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ‘टंडन’ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण की मिसाल है । उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया । जनजातीय गौरव सप्ताह का उद्देश्य ऐसे महान क्रांतिकारियों की गौरवगाथा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है ।
बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा । स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र निर्माण तक जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय रहा है । उनके गौरवशाली इतिहास और बलिदान की गाथाओं से नई पीढ़ी को परिचित कराना आवश्यक है ।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वीरता, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की प्रेरक गाथाओं से भरा हुआ है । वहीं भाजपा प्रदेश मंत्री एवं कटनी जिला प्रभारी एकता ठाकुर ने बताया कि गौरव सप्ताह के अंतर्गत जनजातीय लोकनृत्य, संगीत, नाट्य प्रस्तुतियां, संवाद और गौरव चौपाल सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ।
वक्ताओं ने बताया कि प्रदेश स्तर पर 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और 16 नवंबर को खंडवा में विशेष आयोजन होंगे । भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । कटनी जिले में भी पंचायत, तहसील एवं जिला स्तर पर सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय महापुरुषों के योगदान को याद किया जाएगा ।
पत्रकार वार्ता का संचालन जिला सह मीडिया प्रभारी मयंक गुप्ता ने किया, जबकि आभार अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन सिंह ने व्यक्त किया ।



