6 सचिवों को जिला पंचायत सीईओ ने किया निलंबित

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । जिले में समग्र ई-केवायसी का कार्य कराएं जाने के लिये जिले की जनपद पंचायतों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाकर शत-प्रतिशत कार्य के निर्देश दिये गये थे। इस संबंध में सूचना जारी कर 60 प्रतिशत कार्य 03 दिवस में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया था। जिला ई-गवर्नेंस ने अपेक्षित कार्य पूर्ण नहीं किये जाने के संबंध में अवगत कराये जाने पर शासकीय कर्त्तव्यों में उपेक्षा एवं लापरवाही बरते जाने के आरोप में म.प्र. पंचायत सेवा (ग्राम पंचायत सचिव भर्ती) नियम 2011 एवं सहपठित म.प्र. पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के अंतर्गत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे ने 06 सचिवों यथा ग्राम पंचायत रियाना के सचिव नन्नू सिंह लोधी, ग्राम पंचायत सिंगपुर के सचिव प्रहलाद खंगार, ग्राम पंचायत मलवारा के सचिव लोकेन्द्र अठ्या, ग्राम पंचायत महगुंवा खुर्द के सचिव राजेश तिवारी, ग्राम पंचायत घानामैली के सचिव धनसिंह एवं ग्राम पंचायत दलपत पुरा के सचिव ब्रजेन्द्र देवलिया को निलंबित कर दिया है।
निलंबित अवधि में सचिवों का मुख्यालय संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय होगा एवं नियमानुसार भत्ता की पात्रता होगी।



