पूर्व मंत्री कमल पटेल और कांग्रेस MLA पर होगी FIR, वोटिंग नाबालिग को साथ में ले जाने का मामला

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
भोपाल। नाबालिग को साथ ले जाकर वोट करने के मामले में पूर्व मंत्री कमल पटेल और कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। दोनों नेता तीसरे चरण के मतदान के दौरान नाबालिग बच्चे को अपने साथ ईवीएम तक ले गए थे. इसकी शिकायत चुनाव आयोग में की गई थी। चुनाव आयोग अब इस आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने जा रहा है। मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने इसकी जानकारी दी है।
मध्य पदेश में तीन चरणों का मतदान हो चुका है और चौथे चरण का मतदान सोमवार को होना है. पिछले तीन चरणों में मतदान केन्द्र तक मोबाइल ले जाने, नाबालिग बच्चे को मशीन तक ले जाने के कई मामले सामने आए हैं. ऐसा ही एक मामला पूर्व मंत्री व हरदा विधायक कमल पटेल का सामने आया था। वे अपने साथ नाबालिग को ईवीएम तक लेकर गए थे. इसी तरह की शिकायत कांग्रेस विधायक की भी हुई थी. इसको लेकर जब मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि “इस तरह की कई शिकायतें सामने आई हैं, जिसमें नाबालिग बेटे को ईवीएम तक लेकर गए और उसका वीडियो भी बनाया। ऐसा ही एक मामला भोपाल जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर का सामने आया था। जिसमें एफआईआर हो चुकी है। अब इसी तरह के मामले में पूर्व मंत्री कमल पटेल और कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद पर भी कार्रवाई की जा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दोनों ही मामले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पोलिंग बूथ पर मोबाइल लेकर जाना प्रतिबंधित है. इसके बाद भी कई लोग मतदान करते इसके वीडियो बना रहे हैं. ऐसा करने पर संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



