बाइक और बुलेट की टक्कर में एक की मौत एक घायल, बुलेट चालक हुआ फरार

सुल्तानगंज रोड मोदकपुर तिगड्डा से पहले हुआ एक्सीडेंट
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । संपूर्ण रायसेन जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है वही बेगमगंज क्षेत्र में भी आए दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं बेगमगंज से सुल्तानगंज निर्माणधीन मार्ग पर भी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। ऐसी ही एक घटना बेगमगंज सुल्तानगंज रोड पर मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे सामने आई जहां बुलेट और टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक में आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई जिसमें टीवीएस बाइक चालक की मौत हो गई वहीं पीछे बैठा हुआ युवक घायल हो गया। घटना के फौरन बाद बुलेट चालक जिस पर एक युवक और एक महिला बैठी हुई थी बुलेट लेकर भाग गए।
आपको बता दें कि ग्राम मोदकपुर निवासी हल्लू ठाकुर आदिवासी पिता हनुमतसिंह ठाकुर उम्र 26 साल, अपने ही गांव के ओमकार आदिवासी के साथ बेगमगंज आ रहे थे जैसे ही मोदकपुर तिगड्डा से आगे बढ़े ही थे कि बेगमगंज की ओर से आ रही बुलेट मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 15 एन ई 1082 जो सागर की बताई जा रही है से आमने-सामने टक्कर हो गई जिसमें हल्लू आदिवासी और ओमकार आदिवासी घायल हो गए जिन्हें सिविल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने हल्लू आदिवासी को मृत घोषित कर दिया वहीं ओंमकार आदिवासी का उपचार कर भर्ती कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर जितेंद्र तोमर ने बताया कि मृतक के सीने में अंदरूनी चोट आने के कारण उसकी मौत हो गई। घायल एवं मृतक दोनों ही नशे में थे।
सूचना पर बेगमगंज पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई उपरांत मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और बुलेट चालक का पता लगाया जा रहा है।
गौर तलब है कि बेगमगंज सुल्तानगंज मार्ग का जब से निर्माण कार्य शुरू है आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है शायद उसे किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार है।



