बीएसएनएल के र्क्वाटर में बाहरी व्यक्ति का कब्जा, किराये से चल रहा शासकीय र्क्वाटर, अफसर बेसुध
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा तहसील के उमरियापान में एक गंभीर मामला सामने आया है जहां पर टोला रोड बालवी हनुमान मंदिर स्थित बीएसएनएल ऑफिस के क्वार्टर में एक बाहरी व्यक्ति को किराये पर दिया गया है जहां पर वह परिवार सहित निवास करता है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएसएनएल ऑफिस में राममिलन पटेल नामक व्यक्ति पदस्थ है जो कुछ समय पहले सेवा निवृत्त हो चुके है लेकिन विभाग द्वारा अभी उनको अस्थाई रुप से रखा गया है। लिहाजा राममिलन पटेल के द्वारा किसी विमलेश मिश्रा नामक व्यक्ति को बीएसएनएल के र्क्वाटर किराये पर दे दिये गये है जहां पर वह अपने परिवार के साथ निवास करते है। यहां पर यह उल्लेख करना आवश्यक है कि किसी भी शासकीय आवास में केवल संबंधित विभाग का सरकारी कर्मचारी ही निवास कर सकता है। ऐसे में यह प्रश्न खड़ा हो रहा है कि आखिर कैसे सरकारी आवास में कोई बाहरी व्यक्ति परिवार सहित निवास कर सकता है। सूत्रों ने बताया कि पिछले 2 वर्षों से विमलेश मिश्रा नामक व्यक्ति अपने परिवार सहित टोला रोड स्थित बीएसएनएल ऑफिस के अंदर बने र्क्वाटर में निवास कर रहा है। चर्चा इस बात की भी है कि राममिलन पटेल के द्वारा विमलेश मिश्रा को किराये पर दिया गया है। यहां पर मामला चाहे जो भी लेकिन एक बाहरी व्यक्ति का इस तरह से शासकीय ऑफिस के अंदर पिछले दो वर्षों से परिवार सहित रहना और विभाग के अधिकारियों को ही इस बात की जानकारी न होना गंभीर मसला है।



