क्राइम

भीषण हादसा, टायर फटने से ट्रक हुआ अनियंत्रित, 5 लोगों की मौत, 11 घायल

रिपोर्टर : रामकुमार राजपूत
रतलाम । मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। शाम के वक्त रतलाम जिले के सातरुंडा माता मंदिर के पास एक ट्रक का टायर फटने के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर चल रहे राहगीरों और बाइक सवार लोगों को कुचल दिया। हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
यह घटना रतलाम से 27 किलोमीटर दूर फोरलेन पर सातरुंडा चौराहे की है रतलाम से धार की ओर एक ट्रक तेज गति से जा रहा था. इस ट्रक का पिछला पहिया फट गया, जिसके बाद यह ट्रक डिवाइडर को क्रॉस कर चौराहे पर बस का इंतजार कर रहे 15 से ज्यादा यात्रियों पर चढ़ गया।
हादसे के शिकार अधिकांश लोग मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घरों की ओर बदनावर लौट रहे थे और चौराहे पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान उनकी बस तो नहीं आई लेकिन बस के पहले मौत आ गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।
घायलों के अनुसार ट्रक की स्पीड बहुत ज्यादा थी और एक ट्रक मवेशियों से भरा हुआ था। वहीं आरोपी ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
घायलों का रतलाम के सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है, जिसमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर रतलाम के कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी भी मौके पर सातरुंडा पहुंचे और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली है।
कलेक्टर और एसपी ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना और उनके समुचित उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के मुताबिक, मृतकों और घायलों को शासन के निर्देशों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button