मां की पेंशन को लेकर बेटे ने की पिता की हत्या, लोहे के पाईप से हमला कर उतारा मौत के घाट

रिपोर्टर : राजेन्द्र सिंह
जबलपुर। जबलपुर जिले के बेलखेड़ा में मां की पेंशन को लेकर उपजे विवाद पर बेटे जितेंन्द्र उर्फ जित्तू ने पिता विश्वनाथ राय की लोहे का पाईप मार-मार कर हत्या कर दी। विश्वनाथ राय खून से लथपथ हालत में देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए, जिन्होने विश्वनाथ को इस हालत में देखा तो स्तब्ध रह गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी जितेन्द्र उर्फ जित्तू की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस के मुताबिक जबलपुर बेलखेड़ा निवासी विश्वनाथ राय पेशे से किसान है, जिनकी पत्नी एमपीईबी से प्यून के पद से सेवानिवृत हुई है। पत्नी हर माह मिलने वाली पेंशन पति विश्वनाथ को दे देती रही, इस बात का विरोध पुत्र जितेन्द्र उर्फ जित्तू करता रहा । जितेन्द्र का कहना था कि मां की पेंशन का रुपया उसे मिले। कई बार दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद भी हुआ, इसके बाद भी पेंशन का रुपया जितेन्द्र को नहीं मिला। इसी बात को लेकर विश्वनाथ और उसके बेटे जितेन्द्र का आपस में विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि जितेन्द्र ने लोहे का पाइप उठाकर पिता विश्वनाथ पर दनादन वार किए। हमले में विश्वनाथ के सिर, हाथ, पैर व पीठ में गंभीर चोटें आने से मौत हो गई। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर आरोपी जितेन्द्र की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी।



