मोटरसाकिल की आमने सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत, दो घायलों की हालत नाजुक
रिपोर्टर : राजेन्द्र सिंह
पाटन । पाटन तहसील के ग्राम सहशन टोरिया रोड़ पर मोटर साइकिल की आमने सामने की टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत की घटना सामने आ रही है। वही दो घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी अनुसार घटना रविवार की शाम 5.45 के आसपास की बताई जा रही है। पाटन थाना प्रभारी से मिली जानकारी अनुसार पाटन तहसील के ग्राम चंदवा निवासी संस्कार भुर्रक पिता प्रशांत भुर्रक उम्र 20 अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एम पी 20 एनपी 4340 से अपने घर चंदवा जा रहे थे तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाईक क्रमांक एमपी 20 एनके 1736 में सवार तीन युवकों ने टक्कर मार दी जिसमें चंदवा निवासी संस्कार भुर्रक एवं दूसरी मोटर साइकिल के चालक सचिन पिता भोलाराम ठाकुर की दर्दनाक मौत हो गई। वही घटना में घायल नीतेश गौंड एवं आकाश गौंड को इलाज के लिए जबलपुर के स्वास्तिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां आकाश गौंड की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्यवाही करते हुए मृतकों के शव को पीएम के लिए भिजवाकर घटना की जांच कर रही है।




