वन्यप्राणी सुरक्षा, ऊर्जा- पर्यावरण- जल संरक्षण पर आधारित व्याख्यान एवं चित्रकला पर प्रतियोगिता की आयोजित

चित्रकला में विजेता छात्र-छात्राओं को किया गया अतिथियों ने किया पुरस्कृत
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के तहत रविवार को जिला मुख्यालय रायसेन स्थित गोपालपुर के समीप तितली पार्क में आयोजित कार्यक्रम में वन्यप्राणी सुरक्षा, ऊर्जा-पर्यावरण-जल संरक्षण पर आधारित व्याख्यान एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम में एसीएफ व डीएफओ अजय कुमार पांडेय पीएचई विभाग की कार्यपालन यंत्री श्वेता औचट, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री आरके पंडोले, वन विभाग के एसडीओ पीके रजक, मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कम्पनी के एई बीबी तिवारी, एसडीओ जल संसाधन एसपी सिंघल, एसडीओ पीएचई राजेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी, छात्र-छात्राएं तथा नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम में मप्र विद्युत वितरण कम्पनी के एई बीबी तिवारी ने कहा कि ऊर्जा साक्षरता अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे उपायों से हम बिजली बचा सकते हैं। जब हम कमरे से बाहर जाएं तो लाईट, पंखे बंद करें। उन्होंने ऊषा एप तथा सेलर ऊर्जा के बारे में भी जानकारी दी।
विभाग के डीएफओ रायसेन एके पांडेय, एसडीओ रजक ने छात्र- छात्राओं, नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पर्यावरण में वन, जीव-जन्तु, पेड़ सभी का महत्व है। पेड़ों से हमें जीवनदायी ऑक्सीजन मिलती है। पर्यावरण संरक्षण के साथ ही मानव और जीवों के लिए ऑक्सीजन बहुत जरूरी है। इसलिए हमें अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करना चाहिए। साथ ही उनका संरक्षण भी करना चाहिए।
कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के एसडीओ सिंघल ने कहा कि जीवन के लिए पानी बहुत जरूरी है। शासन द्वारा जल संरक्षण के लिए विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पानी का अपव्यय नहीं करना चाहिए। जितनी आवश्यकता हो, उतना ही पानी उपयोग करना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों तथा बच्चों द्वारा भी वन्यप्राणी सुरक्षा, ऊर्जा-पर्यावरण-जल संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए गए। इसके पश्चात स्कूली छात्र- छात्राओं के मध्य चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिसमें विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं, नागरिकों को वन्यप्राणी सुरक्षा, ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में डिप्टी रेंजर प्रभात यादव, मोहन सिंह पंवार, श्रवण यादव, फारेस्ट गार्ड मनीष छारी, एमएल तिलचोरिया सेवाराम अहिरवार जल संसाधन विभाग रायसेन के कमल सिंह विश्वकर्मा, अजय कुमार श्रीवास, राजेश यादव की भूमिका सराहनीय रही।



