मध्य प्रदेश

शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं के कायाकल्प के लिए चलाया जा रहा है प्रदेशव्यापी अभियान- स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री ने रायसेन में 339.74 लाख रू लागत के 22 चिकित्सक आवास गृहों का किया लोकार्पण
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
रायसेन ।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा रायसेन में 339.74 लाख रू की लागत से नवनिर्मित स्वास्थ्य विभाग के 22 आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि शासकीय अस्पतालों में आने वाले मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, उन्हें त्वरित और समुचित उपचार मिले, इसके लिए लगातार चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही डॉक्टरों और स्टाफ को ड्यूटी करने और मुख्यालय पर रहने में परेशानी ना हो, इसके लिए भी काम किया जा रहा है। इस लोकार्पण कार्यक्रम का शुभारंभ कन्यापूजन तथा दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में शासकीय अस्पतालों, स्वास्थ्य संस्थाओं के कायाकल्प के लिए प्रदेशव्यापी संपूर्ण कायाकल्प अभियान चलाया जा रहा है। शासकीय अस्पतालों के पुराने भवनों की मरम्मत के साथ ही खराब उपकरण, पुराने गद्दे, चादर तकिए से लेकर मशीनें तक बदली जा रही है। ताकि अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ को ड्यूटी करने और मुख्यालय पर रहने में परेशानी ना हो। संपूर्ण कायाकल्प अभियान के तहत प्रदेश के जिला अस्पतालों, सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर जांचों के लिए अत्याधुनिक मशीनें लगाई जा रही है। सीटी स्कैन मशीन, डिजिटल एक्स-रे, सोनोग्राफी मशीनें उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही चिकित्सकों, स्वास्थ्य अमले की भर्ती भी की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा प्रदेश के साथ ही रायसेन जिले में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल, सिविल अस्पतालों के विस्तार के साथ ही ग्रामों में नवीन स्वास्थ्य केन्द्र खोले जा रहे हैं। जहां पहले से स्वास्थ्य केन्द्र हैं उनमें स्वास्थ्य सुविधाओं का और विस्तार किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में सिटी स्कैन मशीन, सोनोग्राफी, डायलिसिस, पैथालाजी लैब, डिजिटल एक्सरे मशीन सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण प्रदेश में एक साल में 263 से अधिक नवीन स्वास्थ्य संस्थाएं प्रारंभ की गई है। स्वास्थ्य के साथ-साथ शिक्षा, सड़क, रोजगार हर क्षेत्र में काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। युवाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार से जोड़ा जा रहा है। समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 17 सितम्बर से प्रदेश में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें किन्हीं कारणों से सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों को चिन्हित करते हुए लाभान्वित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत बब्लू मीणा ने कहा कि सम्पूर्ण जिले में स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी के नेतृत्व में तेजी से विकास हो रहा है। शहरों के साथ ही गॉव-गॉव में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। और सिर्फ स्वास्थ्य के मामले में ही नहीं सड़क, अधोसंरचनाएं, स्कूल, रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में विकास को गति मिली है। कार्यक्रम में रायसेन नगर पालिका अध्यक्ष सविता जमना सेन ने भी संबोधित किया। सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री द्वारा नवनिर्मित चिकित्सक आवास गृहों के साथ ही जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं के उन्नयन के लिए हो रहे कार्यो की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर आदित्य रिछारिया, प्रभारी जिला पंचायत सीईओ एलके खरे, जमना सेन, बृजेश चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button