शादी की खुशियां मातम में बदली: रायसेन में युवक की करंट लगने से मौत, सोमवार को होना थी सगाई
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। रायसेन के कस्बा सुल्तानपु में एक दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी की बिजली करंट लगने से मौत हो गई। वह सुल्तानपुर नगर परिषद के सामने ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा था। बिजली बंद होने पर उसने काम शुरू किया। लेकिन अचानक से ट्रांसफार्मर में करंट आ गया। मृतक की सोमवार को सगाई होने वाली थी। शादी को लेकर उसके घर पर तैयारियों भी चल रही थी। घटना के बाद से घर में आने वाली खुशियां मातम में बदल गईं।
सुल्तानपुर के 22 साल का चंद्रशेखर पुत्र पप्पू आदिवासी करीब 3 साल से बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ काम कर रहा था। बुधवार को भी वह वार्ड क्रमांक – 13 स्थित ट्रांसफार्मर के सामने काम कर रहा था। अचानक बिजली करंट लगने से चंद्रशेखर 10 फीट की ऊंचाई से जमीन पर गिर गया। हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन बिजली कंपनी के दफ्तर पहुंचे और हंगामा किया। सूचना मिलने पर प्रभारी तहसीलदार पलक पीड़िहा, नायब तहसीलदार सौरभ मालवीय, थाना प्रभारी रंजीत सराठे मौके पर पहुंचे। 2 घंटे चले हंगामे के बाद 4 लाख की आर्थिक सहायता मिलने के आश्वासन के बाद परिजन पीएम करवाने को तैयार हुए।



