मध्य प्रदेश

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी में सजा बाजार, मुकुट, पालना की डिमांड

सिलवानी । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व को देखते हुए नगर में एक दर्जन से अधिक दुकानें सजा ली है। इन दुकानों पर श्रीकृष्ण की मूर्तियों के लिए आकर्षक पोषाक, मुकुट, माला, झूले, सिंहासन और श्रृंगार सामग्री सहित विभिन्न सजावटी सामान उपलब्ध है।
पर्व नजदीक आते ही बाजार में खरीदारों की संख्या भी बढने लगी है। दुकानों पर 20 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक की रंग बिरंगी पोषाकें मिल रही हैं। वहीं मालाओं की कीमत 10 रुपये से शुरू होकर लगभग एक हजार रुपये तक है। श्रीकृष्ण को विराजमान कराने के लिए 200 से 700 रुपये तक के सिंहासन, जबकि जरीदार मुकुट 100 से 1000 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध है। झूले भी 100 से 1000 रुपये तक में मिल रहे हैं। दुकानदार ग्राहकों की पसंद को देखते हुए झूमर, पतंग और अन्य सजावटी सामग्री भी लाए है। महिलाएं लगभग चार दिन पहले से ही बाजार पहुंचकर बाल गोपाल की मूर्तियां, पोषाक और श्रृंगार का सामान खरीद रही हैं। घरों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए झूले व आकर्षक सजावट की तैयारियां भी शुरू हो गई है। लोग कन्हैया के लिए तरह तरह के सजावटी सामान की खरीदारी कर रहे हैं। जन्माष्टमी 4 सितंबर को मनाई जाएगी।
मंदिरों में तैयारी शुरू
नगर के विभिन्न कृष्ण मंदिरों में भी जन्माष्टमी की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मंदिरों की साफ-सफाई और सजावट का काम शुरू हो चुका है। यादव महासभा द्वारा जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य चल समारोह निकालने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की ओर से भी जन्माष्टमी को लेकर विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें विद्यालयों और छात्रावासों में प्रतियोगिताएं तथा आंगनबाडियों में बच्चों के लिए विशेष भोज शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button