स्पीड ब्रेकर तो बनाये पर सूचक चिन्ह नही लगाये, बन रहे राहगीरों को हादसे के कारण
स्पीड ब्रेकर की ऊंचाई 10 सेंटीमीटर, लंबाई 3.5 मीटर और कर्वेचर रेडियस 17 मीटर होना चाहिए
सिलवानी । नगर की अधिकांश सड़कों को खोद कर छोड़ दिया गया है। जिन सडकों की हालत थोड़ी ठीक है वहां पर अमानक स्पीड ब्रेकर बना दिए हैं। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। रहवासियों की सुविधा के लिए बने स्पीड ब्रेकरों ने रहवासियों की चिंता और बढ़ा दी है। अमानक स्पीड ब्रेकर से गुजरने पर लगने वाले झटकों से स्पोंडिलाइटिस जैसी बीमारी का खतरा बढ़ रहा है। नगर की मुख्य सड़कों पर बने स्पीड ब्रेकर में नियमों को तो ताक पर रखा ही गया है। साथ में लोगों ने बिना अनुमति के मनमाने तरीके से जगह जगह स्पीड ब्रेकर बना दिए है। इस कारण राहगीरों को परेशानी हो रही है। नगर परिषद भी इन्हें हटाने के लिए कार्रवाई नहीं कर रही है। न ही गलत और मनमाने तरीकों से स्पीड ब्रैकर बनाने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई कर रही है। स्पीड ब्रेकर अभी से दबने लगे हैं। स्पीड ब्रेकर बनाने के सभी नियमों का भी पालन नहीं किया गया है। स्पीड ब्रेकर पर बने कर्वेचर भी दिखावे के लिए बने है। मानकों पर खरे नहीं स्पीड ब्रेकर एक आदर्श स्पीड ब्रेकर की ऊंचाई 10 सेंटीमीटर, लंबाई 3.5 मीटर और कर्वेचर रेडियस 17 मीटर होना चाहिए। इन सभी को ताक में रखकर बनाये स्पीड ब्रेकरों से जनता के स्वास्थ्य और पैसो की बर्बादी की हो रही है। ड्राइवर को सचेत करने के लिए स्पीड ब्रेकर आने से 40 मीटर पहले चेतावनी बोर्ड लगा होना चाहिए, लेकिन यहां तो 40 मीटर में 3 स्पीड ब्रेकर बनाए गए, इन पर कोई रंग नहीं किया है। नियमानुसार स्पीड ब्रेकर पर रेफियम का पेंट्स होना चाहिये, जो कि अंधेरे में लाइट पड़ने पर चमके। अंधेरे में ब्रेकर नहीं दिखने पर दुर्घटना हो रही है।



