2 किसानों के 6 एकड़ खेत में खड़ी गेंहू की फसल में लगी आग

2 लाख के नुकसान का अनुमान, फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
सिलवानी। तहसील के सलैया ग्राम में शनिवार को दो किसानो के खेत में खडी गेहूं की फसल आग लगने से खाक हो गई, आगजनी की घटना में किसानो को करीब 2 लाख रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है। सलैया ग्राम में कृपाशंकर रघुवंशी तथा लक्ष्मीनारायण रघुवंशी के खेत में खडी गेहू की फसल में आगजनी की घटना हुई। आग लगने की सूचना पर नगर परिषद सिलवानी की 2 दमकल मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया।
हालांकि दमकल के पहुंचने तक ग्रामीण आग को काबू में करने का प्रयास करते रहे। लेकिन आग विकराल रुप धारण करने लगी। पुलिस थाने से सूचना मिलने पर नगर परिषद की दमकल ने पहुंच कर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा हैं।
ज्ञात रहे कि गर्मी का मौसम प्रारंभ होते ही आगजनी की घटनाओ में बृद्वि होने लगी है। जिससे पीड़ितो का लाखो रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा हैं, कमोवेश रोज ही आगजनी की घटनाओ की जानकारी आ रही है। ग्राम पंचायतो के पास आग बुझाने के संसाधन नही है, फल स्वरुप आगजनी की घटना होने पर नगर परिषद सिलवानी की दमकल मौके पर पहुंच कर आग बुझाती है, लेकिन तब तक आग से लाखो रुपए का नुकसान हो चुका होता है। हालांकि नागरिक राजस्व सर्किल मुख्यालयो पर आग बुझाने के संसाधन उपलब्ध कराने की मांग जन प्रतिनिधियों व प्रशासन से कर रहे है। लेकिन मांग को तबज्जो नही मिल पा रही है।



