जरवाही में जुआ खेलते 21 आरोपी गिरफ्तार, 10,700 रुपये नकद जब्त

निवार चौकी पुलिस की कार्रवाई, ताश के पत्तों के साथ पकड़े गए आरोपी*
रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निवार चौकी पुलिस ने ग्राम जरवाही में जुआ खेलने वालों के खिलाफ छापामार कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 10 हजार 700 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अनिमेश द्विवेदी के मार्गदर्शन में माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
*सूचना पर पुलिस ने दी दबिश*
19 अक्टूबर 2026 को निवार चौकी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जरवाही में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र ने पुलिस टीम के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जुआ खेलते हुए 21 लोगों को पकड़ा। मौके से 10,700 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए गए।
*इन आरोपियों को पकड़ा गया*
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में राजकुमार कोल (50), अर्जुन कुम्हार (58), बलराम रैदास (43), रामनरेश रजक (46), ओमप्रकाश रजक (54), सुनील चौधरी (26), रामफूल चौधरी (59), सोनू भूमिया (25), नरेश भूमिया (40), बलवंत भूमिया (26), गुड्डा कोल (44), राजेश कुमार (50), राजन भूमिया (32), बारेलाल भूमिया (50), अठ्ठी भूमिया (50), शिवचरण भूमिया (34), सोहन कोल (32), मख्खु कोल (50), रामदास कुम्हार (46), शेखलाल भूमिया (65) और बिनोद कुम्हार (52) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम जरवाही, थाना माधवनगर, जिला कटनी के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई चौकी प्रभारी निवार अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, देवेश कोस्टा, अंकित दुबे, आरक्षक अरविंद कुशवाहा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



