मां वीरासन देवी दरबार में देवी जागरण में देर रात तक झूमे श्रद्धालु

मनीष अग्रवाल की भजन मंडली ने बांधा समां, विशाल भंडारे में हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर सिलौंडी के समीप स्थित प्रसिद्ध मां वीरासन देवी दरबार में भव्य देवी जागरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया । देवी जागरण में मां के मधुर भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। वहीं विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया ।
जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय के तत्वावधान में आयोजित देवी जागरण में सुप्रसिद्ध गायक मनीष अग्रवाल की भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक देवी भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं । जैसे ही कलाकारों ने ‘आंगन पधारो महारानी’ सहित माता रानी के भजनों की प्रस्तुति शुरू की, पूरा पंडाल मां के जयकारों से गूंज उठा । भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमने लगे । महिलाओं, पुरुषों और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा वीरासन देवी परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा ।
*रात तीन बजे तक चला जागरण*
देवी जागरण में देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही । रात तीन बजे तक चले इस धार्मिक आयोजन में माता की ज्योति के दर्शन और महाआरती की गई । श्रद्धालुओं ने मां वीरासन देवी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की ।
*विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु*
नवरात्र के अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में हजारों भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया । आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही । जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय के तत्वावधान में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में इस वर्ष भी भक्तिमय माहौल देखने को मिला ।



