मध्य प्रदेश

25 फीट गहरे बोरवेल में फंसे 10 साल के बच्चे को ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला

100 फीट गहरे बोरवेल में खेत में काम करने के दौरान हादसा

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी

सिलवानी । सोमवार को एक 10 वर्षीय बच्चा 100 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना सिलवानी तहसील के ग्राम भानपुर की है। बच्चा खेत में अपने पिता के साथ गया था और अचानक खुले पड़े बोरवेल के गड्ढे में जा गिरा। वह 25 फीट की गहराई पर जाकर फंस गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह है पूरी घटना
सिलवानी तहसील मुख्यालय से 13 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत धनगवा के ग्राम भानपुर सोमवार को में खेत में हल्केबीर केवट गेंहू की फसल को हार्वेस्टर चलवा रहे थे। इसी दौरान उनका 10 वर्षीय पुत्र आशीष केवट खेत में खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। यह बोर 100 फीट गहरा है। गड्ढे में गिरा बच्चा करीब 25 नीचे जाकर फंस गया। बच्चे के बोर में गिरने की सूचना मिलते ही अन्य ग्रामीणों के साथ सरपंच लाखन सिंह और पप्पू केवट खेत पर पहुंचे। उन्होंने बालक को रस्सी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की जानकारी लगते ही एसडीएम रवीश श्रीवास्तव, एसडीओपी राजेश तिवारी, थाना प्रभारी भारत सिंह, नायब तहसीलदार अनीश धाकड़ समेत चौकी प्रभारी व अन्य प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बोरवेल से बाहर निकले बालक से चर्चा की, साथ ही ग्रामीणों के साहस और सूझबूझ की भी तारीफ की।
बच्चे के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सिविल हॉस्पिटल सिलवानी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसकी जांच कर भर्ती किया गया है। बालक पूर्ण रूप से स्वस्थ है।
बच्चे की मां मीरा बाई ने बताया कि मेरा बेटा आशीष खेत में काम करते वक्त बोरवेल में गिर गया था। हमारे खेत में हार्वेस्टर चल रहा था। इसी दौरान बेटा गिरा गया, बाद में उसे गांव वालो के सहयोग से रस्सी के सहारे बाहर निकाला लिया गया।
इस संबंध में सिलवानी एसडीएम रविश श्रीवास्तव ने कहा कि बालक स्वस्थ है। पटवारियों को बुलाकर निर्देश दिए हैं कि गांव वालों को जागरुक कर खुले पड़े गड्‌ढे को बंद कराए।
इस संबंध में सिलवानी एसडीओपी राजेश तिवारी ने बताया कि भानपुर ग्राम में सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सरपंच और ग्रामवासी की टीम ने गड्‌ढे में रस्सी डाली। जिसे बच्चे ने पकड़ लिया था। इस खींचकर बच्चे को बाहर निकाल लिया गया। हाल ही बोरवेल को लेकर जिला कलेक्टर ने आदेश जारी किया था। उसका परीक्षण कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button