मध्य प्रदेशहेल्थ

बड़वारा में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर, पहले दिन 2865 मरीजों ने लिया लाभ

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के सौजन्य से एवं आर.पी. फाउंडेशन के संस्थापक तथा पीपुल्स ग्रुप के वाइस चेयरमैन रोहित पंडित के नेतृत्व में, आर.पी. फाउंडेशन के सहयोग से पीपुल्स हॉस्पिटल भानपुर भोपाल द्वारा 23 एवं 24 मई को सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़वारा, जिला कटनी में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया । शिविर के प्रथम दिवस क्षेत्र में उत्साह का वातावरण देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया ।
शिविर में पीपुल्स हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा विभिन्न रोगों की जांच एवं उपचार सेवाएं प्रदान की गईं । उच्च स्तरीय मशीनों के माध्यम से इको, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी, सोनोग्राफी, डायबिटीज जांच सहित विभिन्न प्रकार की रक्त जांचें की गईं । साथ ही मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया ।
चिकित्सा शिविर में महिला रोग, हृदय रोग, श्वास रोग, त्वचा रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, नाक-कान- गला रोग, सर्जरी, हड्डी रोग, शिशु रोग एवं सामान्य रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा लगभग 2865 मरीजों का परीक्षण किया गया । वहीं लगभग 180 गंभीर एवं जटिल बीमारियों से ग्रसित मरीजों को आगे के उपचार हेतु चिन्हित कर पीपुल्स हॉस्पिटल भोपाल रेफर किया जाएगा, जहां उन्हें निःशुल्क जांच, उपचार, ऑपरेशन एवं दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी । मरीजों के आवागमन एवं भोजन की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है ।
इस अवसर पर पीपुल्स ग्रुप के कार्यकारी निदेशक गुंजन जैन, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे ।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं । उन्होंने क्षेत्रवासियों से दूसरे दिन भी शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

Related Articles

Back to top button