150 पारी पान बरेजे धराशायी, पान किसानों को लाखों रूपये के नुकसान
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते उमरियापान में डेढ दर्जन पान किसानों के करीब 150 पारी पान बरेजे धराशायी हो गये। जिससे पान किसानों को लाखों रूपये के नुकसान का अनुमान है। रविवार को उमरियापान के समीप नवादा हार और बटपरा हार में लगे पान बरेजों पर बारिश व तूफान के रूप में बरपी प्राकृतिक आपदा ने पान किसानों की पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। जानकारी अनुसार नवादा हार में पान किसान शिवकुमार टीटू चौरसिया की 15 पारी, भूरा की 6 पारी, कालूराम चौरसिया की 13 पारी धराशायी हो गये। इसी तरह बटपरा हार में पान किसान अशोक चौरसिया की 13 पारी, रामसेवक की 16 पारी, गुलाब की 4 पारी, ओमप्रकाश की 8 पारी, शिवकुमार की 8 पारी, अनंतराम की 4 पारी, मूलचंद की 16 पारी, पाडे जयकुमार की 9 पारी, आशीष की 11 पारी, सोमनाथ की 14 पारी पान बरेजा जमीन पर बैठ गये। जिससे पान किसानों को भारी नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। इनमें कई पान किसान ऐसे है जिनकी केवल पान बरेजा से ही रोजी रोटी चलती है। उनके सामने अब भारी संकट खडा हो गया है। जिससे वे बेहद दुखी है। समाजसेवी चंद्रकांत चौरसिया ने प्रशासन को पत्र लिखकर सर्वे कराकर शीघ्र आर्थिक मदद प्रदान करने की मांग की है।



