लाखों रूपए के वाहन पानी में खडे़, शेड की व्यवस्था नहीं होने से हो रहे खराब
महीनों से खुले आसमान के नीचे खड़े हैं वाहन, बारिष और धूप में हो रहे खराब
सिलवानी। नगर परिषद की अनदेखी व लापरवाही के कारण लाखों रूपए के वाहन खराब हो रहे हैं। अनदेखी के कारण वाहनों की देखरेख नहीं हो रही है। बारिष और धूप के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। बारिष के दौरान वाहनों को षेड में खड़ा करने की व्यवस्था नगर परिषद के पास नहीं है। नप ने लाखों रूपए खर्च कर अलग-अलग उपयोग के चलते दर्जनों वाहन खरीदे हैं। लोग अपने वाहनों को व्यवस्थित रखते हैं, ताकि ये सालों तक खराब न हो। दूसरी ओर जनता के पैसों की मदद से खरीदे गए वाहनों की नप को कोई परवाह नहीं दिख रही है। नप के पास लाखों की कीमतों के अलग-अलग उपयोगी वाहन हैं। पानी में वाहनों को खड़ा करने के बाद अब उन्हें हटाया भी नहीं जा रहा है।
इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक का कहना है कि नगर परिषद के वाहनों के रखरखाब के लिये परिषद की बैठक में प्रस्ताव पारित कराकर शीघ्र ही भवन या टीनशेड का निर्माण कराया जावेगा।



