मध्य प्रदेश

जिले के 11 वन ग्रामों का राजस्व ग्रामों में किया जाएगा संपरिवर्तन

वन ग्रामों के निवासियों से संपरिवर्तन के संबंध में दावा और सुझाव आमंत्रित किए गए

रायसेन । रायसेन जिले के 11 वन ग्रामों को अनुसूचित जनजाति और परम्परागत वन निवासी अधिनियम 2006 अंतर्गत वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन संबंधी मित्र परिषद के निर्णय के अनुक्रम में राजस्व ग्रामों में परिवर्तित किया जा रहा है। कलेक्टर अरविंद दुबे द्वारा इस संबंध में सभी एसडीएम, अनुविभागीय अधिकारी वन तथा जनपद सीईओ को दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जिले के जिन 11 वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित किया जा रहा है उनमें रायसेन तहसील का ग्राम सालेगढ़, गैरतगंज तहसील का ग्राम राजघाटी, पाटिमानक चौक तथा सुआगढ़, बेगमगंज तहसील का ग्राम बगपुरा तथा जमुनिया गोडाखोह, सिलवानी तहसील का ग्राम गजन्दा तथा सिंगपुरी, देवरी तहसील का ग्राम बल्हारपुर, गौहरगंज तहसील का ग्राम साजड़ी तथा सुल्तानपुर तहसील का ग्राम कोसमी शामिल हैं।
इन 11 वनग्रामों के समस्त निवासी, व्यक्ति वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन के संबंध में दावा एवं अपने सुझाव संबंधित ग्राम स्तरीय वनाधिकार समिति को प्रस्तुत कर सकते हैं। कलेक्टर दुबे द्वारा इन वन ग्रामों के राजस्व ग्राम में संपरिवर्तन के संबंध में जानकारी देते हुए संबंधित वन ग्राम में दावा आमंत्रित करने की सूचना एवं प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इस संबंध में आम सूचना वन ग्राम के समस्त दृश्य स्थलों पर चस्पा करते हुए दावा आमंत्रित करने की कार्यवाही किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button