आग सेक रहे युवक को अज्ञात बदमाशों ने, हमला कर मारी गोली

गोली मारने वाले बदमाशों के जांच में जुटी ऐशबाग पुलिस
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
भोपाल । दीपावली की रात्रि में राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र अंर्तगत मैदान में आग सेक रहे युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि गोली उसके जांघ में लगी है। आरोपियों ने गोली मारने से पहले युवक पर छुरे से हमला किया युवक को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाद की वजह का खुलासा नहीं हो सका है। अभी आरोपियों की पहचान करने में ऐशबाग थाना पुलिस जुटी हुई है, आसपास के लोगों से एवं घायल युवक के रिश्तेदारों से पुलिस द्वारा हमले की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय ऐशबाग निवासी अशफाक सरकारी राशन दुकान में काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे वह घर से थोड़ी दूर अलाव जलाकर हाथ सेंक रहा था। तभी चार-पांच लड़के अंधेरे में आए। वह आते ही गाली-गालौच करने लगे। अशफाक द्वारा गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक बदमाश ने उस पर छुरे से हमला कर दिया। वही दूसरे आरोपी ने बंदूक निकालकर उसके कमर के नीचे गोली मार कर घायल कर दिया गोली लगने के बाद युवक जमीन पर गिर पड़ा। घटना की सूचना परिजनों को लगते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अशफाक को अस्पताल ले गए जहां अशफाक का उपचार किया जा रहा है।
ऐशबाग थाना प्रभारी ने बताया कि घायल युवक विवाद की स्पष्ट वजह नहीं बता रहा है। ऐसा लग रहा कि वह कुछ छिपाना चाहता है। पुलिस हर तरीके से जांच कर रही है।



