महाविद्यालय में रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने किया रक्तदान
रिपोर्टर : शानू मंसूरी
गैरतगंज। नगर के शासकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान महाविद्यालय के स्टॉफ एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में रक्तदान किया, इनके साथ ही नगर के समाजसेवियों एवं पूर्व छात्रों ने भी महाविद्यालय पहुंचकर रक्तदान किया। रासेयो के कार्यक्रम अधिकारी डॉ प्रभात दुबे ने कहा की हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी न किसी व्यक्ति को जीवनदान देने का काम करता है इसलिए जब भी हमें मौका मिले तो रक्तदान आवश्यक रूप से करना चाहिए। शिविर में 32 लोगों ने रक्तदान कर दूसरों के लिए प्रेरणा का काम किया है, शिविर के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ इशरत खान विशेष रूप से उपस्थित रहीं। शिविर के आयोजन में आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ अंकुर जैन, लैब टेक्नीशियन ज्ञानप्रकाश बरैया समेत मेडिकल स्टॉफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




