बाइक पुल पर छोड़ युवक ने नर्मदा में लगा दी छलांग

तलाश में जुटे रहे गोताखोर
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
उदयपुरा । रायसेन जिले के उदयपुरा थाना अंतर्गत गुरुवार की रात्रि लगभग आठ बजे उदयपुरा के वार्ड 8 निवासी 35 वर्षीय चित्रकान्त धाकड़ पुत्र लालचंद्र धाकड़ ने ग्राम बोरास स्थित नर्मदा पुल पर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की और पुल के ऊपर से छलांग लगा दी। जिसके बाद से वह लापता है। घटना के बाद तत्काल परिजनों सहित पुलिस घटनास्थल पहुंची और मौका मुआयना किया।
शुक्रवार की सुबह से ही टीआई एमएल भाटी के मार्गदर्शन में गोताखोरों की टीम बनाकर रेसक्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जिसके तहत मोटर बोट की मदद से नर्मदा नदी में जाल डालकर लगभग 10 किमी आगे तक उसे ढूंढने का प्रयास किया गया। परन्तु सफलता नहीं मिली। इन दिनों नर्मदा नदी का जलस्तर अधिक होने के साथ बहाव भी काफी तेज होने के कारण रेसक्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही है। युवक ने नर्मदा में छलांग क्यों लगाई इसका कारण पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि युवक विवाहित है, उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।



