विधायक रामपालसिंह ने किया मेरी माटी-मेरा देश अभियान का शुभारंभ
जिले की सभी ग्राम पंचायतों तथा निकायों में मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित
विद्यालयों में की गई शिलाफलकम की स्थापना, पंच प्रण की शपथ के साथ किया वीरों वंदन तथा पौधारोपण
रिपोर्टर : मदन वर्मा
रायसेन । आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आज सम्पूर्ण जिले में ‘‘मेरी माटी-मेरा देश‘‘ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 9 अगस्त से 15 अगस्त तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
सिलवानी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत रोंसराघाटी में विधायक रामपाल सिंह द्वारा मेरी माटी-मेरा देश अभियान का शुभारंभ किया गया।
विधायक रामपाल सिंह ने कहा कि मेरी माटी-मेरा देश सरकार का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इस अद्भुत गतिविधि से पूरे प्रदेश में देशभक्ति की भावना का संचार होगा। यह एक तरह से भारत माता की आराधना और पूजा है। कार्यक्रम में शासकीय विद्यालय परिसर में शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना की तथा पंच प्रण की शपथ ली गई, वसुधा वंदन तथा वीरों का वंदन किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान का गायन किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात विधायक रामपाल सिंह प्रसिद्ध सिद्ध स्थान त्रिलोक चंद पहुंचे जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ एवं भगवान त्रिलोक चंद महाराज की पूजा अर्चना कर क्षेत्र में सुखसमृद्धि की कामना कर पुज्य गुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त किया एवं सिद्ध स्थान त्रिलोक चंद धाम में झंडा वंदन कर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत पौधा रोपण किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष तरूवर सिंह राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला, लखन चंदेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, हरिसिंह लोधी जनपद सदस्य प्रतिनिधि मदन गोपाल वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
जिले की सभी ग्राम पंचायतों और निकायों में आयोजित किए गए कार्यक्रम
मेरी माटी-मेरा अभियान के तहत जिले के सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में स्थित विद्यालय परिसर में शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना की गई। इसके पश्चात पंच प्रण के अंतर्गत भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व, एकता को सुदृढ़ करने, देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करने और नागरिक होने का कर्तव्य निभाने की शपथ ली गई। इसी प्रकार वसुधा वंदन के अंतर्गत अमृत सरोवरों अथवा विद्यालयों तथा उपयुक्त सार्वजनिक स्थानों के आसपास 75-75 पौधे लगाए गए। अभियान के तहत कर्तव्य पर रहते हुए अपने जीवन का बलिदान देने वाले स्थानीय वीरों, स्वतंत्रता सेनानियों, सेवानिवृत्त रक्षा, अर्धसैनिक बल और राज्य पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान का गायन किया गया।



