दुष्कर्म करने वाले मैजिक बाइस ऐप गैंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

सिलवानी। सोमवार को जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन द्वारा सीधी में आदिवासी छात्राओं से दुष्कर्म करने वाले मैजिक बाइस ऐप गैंग के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने और दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम फांसी दिलाए जाने को लेकर राज्यपाल के नाम एसडीएम प्रकाश नायक को ज्ञापन सौंपा गया।
दिए गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सीधी जिले में मैजिक बाइस ऐप गैंग द्वारा 7 से अधिक आदिवासी छात्राओं-युवतियों को गुमराह कर दुष्कर्म का मामला समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी में आया है। जिसमें कॉलेज टीचर बनकर मैजिक बाइस ऐप के जरिए महिला की आवाज से बात कर आदिवासी छात्राओं से छात्रवृत्ति के लिए दस्तावेज मंगवाने के बहाने सुनसान जगह बुलाकर अपहरण कर दुष्कर्म करने की बात सामने आई है। इस घटना ने शासन -सत्ता, प्रशासन को चुनौती देने के साथ-साथ प्रदेश के बेटियों के आत्म स्वाभिमान और शिक्षा के प्रति समर्पण को कुचलकर समाज की कलंकित किया है।
इस घटना पर आदिवासियों लड़कियों को ही निशाना बनाया गया है जो आदिवासियों के खिलाफ म.प्र. में हो रहे अत्याचार का जीवंत प्रमाण है। साथ ही इस घटना में संलिप्त वाइस मैजिक के दरिंदों तक छात्राओं के मोबाइल नंबर और छात्रवृत्ति के लिए योग्यता और उनके छात्रवृत्ति फार्म/डाटा में कमी की जानकारी कैसे पहुंची ये संदेहप्रद है। इस अमानवीय घटना को अंजाम पहले से दिया जा रहा था तथापि सरकार के खुफिया एजेंसी और प्रशासन को जानकारी ना होना संवेदनशीलता और विश्वसनीयता पर प्रश्न खड़ा करता है। इसलिए पीड़ितों को न्याय दिलाने फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर 30 दिवस के अंदर दोषियों को फांसी की सजा दी जाए पीड़ित छात्राओं को 50-50 लाख मुवावजा और परिवार सहित पुलिस सुरक्षा दी जाए, ताकि प्रदेश में अपराधों पर लगाम लगाया जा सके।
इस दौरान विजय पटेल जयस ज़िलाध्यक्ष रायसेन, हरिलाल मस्कोले, फागुलाल वरकरे, रामसिंह वरकरे, अच्छेलाल उइके अजवसिंह, ओमप्रकाश, उइके आदि मौजूद रहे।



