नगर परिषद कार्यालय में चली गोली, 3 फायर किए, हाथापाई में RI घायल
नौकरी से निकाला तो CMO को मारने पहुंचा था ड्राइवर
रिपोर्टर : राधेश्याम साहू 1
खंडवा । सोमवार को एमपी के खंडवा जिले की हरसूद नगर परिषद के सीएमओ दफ्तर में दोपहर साढ़े 12 बजे गोली चल गई। पिस्टल लेकर पहुंचे एक युवक ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी के आते ही लगातार तीन राउंड फायर किए। बीच बचाव में एक राजस्व निरीक्षक को चोट आई है। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल बरामद कर ली है।
आरोपी का नाम विशाल नामदेव है। विशाल सीएमओ मोनिका पारदी का ड्राइवर था। उसके खिलाफ कई लोगों ने शिकायत की थी। जिसके बाद सीएमओ ने उसे शोकॉज नोटिस दिया था। इसका जवाब उसने संतोषजनक नहीं दिया तो उसने नौकरी से निकाल दिया गया। इसी बात को लेकर वह सीएमओ से नाराज था।
विशाल ने गोली चलानी शुरू की तो आवाज से नगर परिषद दफ्तर में हंगामा मच गया। गनीमत रही कि इस दौरान किसी भी अधिकारी और कर्मचारी को गोली नहीं लगी। विशाल के टारगेट पर सीएमओ मोनिका पारदी ही थीं। किस्मत से वह बाल-बाल बचीं।
दफ्तर में मौजूद पार्षद इरशाद पठान, अर्जुन राजपूत, राहुल बोरासी और राजस्व निरीक्षक राकेश शर्मा ने बीच बचाव किया। इस दौरान राकेश शर्मा घायल हो गए, जिन्हें हरसूद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, पिस्टल छोड़कर आरोपी भाग निकला। थाना प्रभारी अमित कोरी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीएमओ मोनिका पारदी ने बताया कि आरोपी विशाल नामदेव को लेकर कई शिकायतें थी। इनमें वित्तीय अनियमितता और कार्य में लापरवाही को लेकर उसे हटाया गया था। खासकर, वो अवैध रूप से टैंकर बेचने का काम करता था। ड्राइवर रहते हुए डीजल चोरी करता था। नगर परिषद के कर्मचारियों को भी धमकाता था।
पुलिस अधीक्षक महेंद्र तरानेकर ने बताया कि नगर पालिका परिषद की सीएमओ पर जानलेवा हमला करने की कोशिश हुई है। घटनास्थल से पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी विशाल नामदेव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



