नर्मदा में डूबीं देवरानी-जेठानी, नर्मदापुरम के घाट पर नहाने गई थी
8 घंटे सर्चिग के बाद भी नहीं मिली; कल फिर होगी तलाश
रिपोर्टर : राधेश्याम साहू
नर्मदापुरम। एमपी के नर्मदापुरम में रविवार को नर्मदा नदी में देवरानी-जेठानी डूब गईं। दोनों ऋषि पंचमी पर शिवपुर के भिलाडिया घाट पर स्नान के लिए गई थीं। नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गईं। लोगों की सूचना पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ की टीम ने 8 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। अंधेरा होने पर इसे रोक दिया गया। सोमवार सुबह फिर से दोनों की तलाश की जाएगी।
थाना प्रभारी विवेक यादव ने बताया कि सुबह 10 बजे सूचना मिली थी कि नर्मदा घाट पर स्नान करने आई दो महिलाएं गहरे पानी में चली गईं। दोनों महिलाएं देवरानी रानू तंवर उम्र 22 साल और जेठानी रक्षा तंवर उम्र 28 साल हैं। दोनों ग्राम फरीदपुर की रहने वाली हैं। ग्रामीण संदीप तंवर ने बताया कि रानू तंवर की 4 महीने पहले ही शादी हुई है।
रक्षा अपने पति सचिन तंवर के साथ अपनी देवरानी को लेकर भिलाड़िया घाट आई थी। नहाने के दौरान जब महिलाएं डूबने लगी तो रक्षा के पति सचिन उनको बचाने के लिए नदी में कूदा, लेकिन पानी अधिक होने के चलते वो भी डूबने लगा। जिस पर आसपास नहा रहे लोगों ने उसे बचाकर बाहर निकाला।
थाना प्रभारी विवेक यादव ने बताया कि पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने 8 घंटे तक सर्चिग अभियान चलाया। दोनों महिलाओं को पता नहीं चल सका। अंधेरा होने पर सर्चिग अभियान रोक दिया गया है। सोमवार सुबह से फिर से उनकी तलाश की जाएगी।



