महाशिवरात्रि पर निकली बाबा भोलेनाथ की भव्य बारात, भूत-पिशाच बने बाराती, शिव-पार्वती का हुआ विवाह

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । परंपरा के अनुसार शाम को झिरिया मंदिर से गाजे-बाजे के साथ भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गयी। शहर में जगह-जगह निकाली गयी शिव बारात में शामिल भव्य झांकियों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। बरात में शिवभक्त भूत- पिशाच, नर-नारी, किन्नर, गंधर्व के साथ महादेव के रूप में दूल्हा बनकर निकले इस दौरान विभिन्न संगठनों की ओर से जगह-जगह बारातियों का भव्य स्वागत किया गया। शहर के शिवालय मंदिर, गणेश मंदिर, बीएम कंपनी बीड़ी ब्रांच मंदिर , मध्य प्रदेश विद्युत मंडल परिसर मंदिर आदि से भोलेनाथ की बारात निकाली गईं।
बरात निकालने के पहले परिछावन किया गया, शिवजी को दूल्हे की तरह सजाकर उन्हें मां पार्वती से विवाह करने के लिए विदा किया गया। महादेव की बारात में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु बाराती बने जिस इलाके से भी बरात गुजर रही थी, उसकी एक झलक देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ता था। इस दौरान हर-हर महादेव के उद्घोष और भक्ति गीतों से माहौल शिवमय हो गया रात में शुभमुहूर्त पर भोलेनाथ व माता पार्वती का शुभ विवाह कराया गया।
शिव बारात झिरिया मंदिर से शुरू होकर पीराशाह मोहल्ला, महादेवपुरा, माला फाटक, किला, बजरिया, गांधी बाजार, लखेरा मोहल्ला, सागर रोड होते हुए नया बस स्टैंड से महाराणा प्रताप होते हुए वापस झिरिया मंदिर पहुंची जहां अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस प्रशासन थाना प्रभारी राजीव उईके के मार्गदर्शन मैं व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए मुस्तैद नजर आया।



