विशाल कावड़ पद यात्रा का भव्य आयोजन

सिलवानी। श्री सीताराम संकीर्तन सेवा समिति, सिलवानी के तत्वावधान में आगामी 3 अगस्त, रविवार को मां नर्मदा तट, बोरास से एक विशाल कावड़ पद यात्रा का भव्य शुभारंभ प्रातः 4 बजे किया जाएगा।
यात्रा के सदस्य एवं हिंदू उत्सव समिति सिलवानी के अध्यक्ष राजीव सोनी रानू ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कावड़ यात्रा दिनभर पदयात्रा करते हुए देर शाम सिलवानी नगर में प्रवेश करेगी। नगर आगमन के उपरांत, श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम हेतु विश्वकर्मा मैरिज गार्डन में विशेष व्यवस्था की गई है।
इसके पश्चात 4 अगस्त, सोमवार को यात्रा पुनः विश्वकर्मा मैरिज गार्डन से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों—गांधी चौक, काली चौक एवं गांधीनगर पाडन से होते हुए गेलपूर स्थित श्री मृगेंदनाथ धाम पहुंचेगी। वहां देवों के देव महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। साथ ही, समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन होगा।
इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है। समिति ने नगरवासियों से यात्रा में सहभागिता की अपील की है।


