मध्य प्रदेश

तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत

खजरी क्षेत्र के जवाहरपुरा गांव की घटना
रिपोर्टर : मनीष यादव
पलेरा। जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत गड़ारी के अंतर्गत आने वाले जवाहरपुर गांव में हनुमान मंदिर के पास तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। तीनों बच्चों की उम्र 10 से 12 साल के बीच है। बच्चे नहाने के लिए शनिवार के दिन 11 बजे के लगभग घर से 2 किलोमीटर दूर हनुमान मंदिर के पास में तालाब पर साइकिल से गए हुए थे। बरसात के समय में चिकनी मिट्टी एवं ज्यादा पानी होने के चलते तीनों बच्चे तालाब के गहरे पानी में उतर गये। एक दूसरे को बचाने को लेकर तीनों बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही समूचे गांव क्षेत्र में मातम पसर गया। बताया गया है कि मृतक तीनों बच्चे 11 बजे घर से निकले थे, जबकि घटना की सूचना 2 बजे के लगभग ग्रामीणों एवं पुलिस को मिली। वक्त घटना की सूचना पाकर तत्काल खजरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मृतक बच्चों की पहचान संस्कार यादव पुत्र सत्येंद्र यादव उम्र 12 वर्ष, नैन्स यादव पुत्र अरविंद यादव उम्र 12 वर्ष, शरद यादव पुत्र अखिलेश यादव उम्र 10 वर्ष के रूप में की गई है। पुलिस के द्वारा मौके का नक्शा पंचनामा इत्यादि तैयार करते हुए तीनों बच्चों के शवों को पलेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

Related Articles

Back to top button