तेजगढ़ में सड़क पर दुकानदारों का कब्ज़ा, नालियों पर बनी पक्की दुकानें, जाम हादसों आशंका, एसडीएम ने दिए कड़े निर्देश

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेजगढ़ । दमोह जिले तेजगढ़ में अभाना से तेंदूखेड़ा पाटन जाने वाला मुख्य मार्ग करोड़ों की लागत से सीमेंट-कंक्रीट की सड़क बनाई गई लेकिन अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुका है। तेजगढ़ कस्बे में लगभग 20 दुकानदारों ने नालियों पर कब्ज़ा कर पक्की दुकानें बना ली हैं। नतीजतन राहगीरों और ग्राहकों को वाहन सड़क पर ही खड़े करने पड़ते हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति और दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं।
*हादसों का अड्डा बना मुख्य मार्ग*
नालियों पर बने अतिक्रमण और अव्यवस्थित ट्रैफिक की वजह से स्कूली बच्चे, पैदल राहगीर और वाहन चालक लगातार खतरे में हैं। छोटे-बड़े हादसे आम हो गए हैं और स्थानीय लोगों का सब्र अब टूटने की कगार पर है।
*प्रशासन पर सवाल*
जनता ने सवाल उठाए हैं कि जब सालों से दुकानदार बेखौफ होकर कब्ज़ा करते रहे तो आखिर जिम्मेदार विभाग क्यों चुप रहे? क्या यह मिलीभगत का नतीजा नहीं है? लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी ने ही हालात को इतना बिगाड़ दिया है।
*जनता का आक्रोश*
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि अतिक्रमण तुरंत नहीं हटाया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
*एसडीएम के आदेश*
इस मामले में एसडीएम सौरभ गंधर्व तेंदूखेड़ा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा “तेजगढ़ के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। मैंने संबंधित जिला अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं और तेंदूखेड़ा जनपद सीओ को तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। सड़क और नाली पर बने अवैध निर्माण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जल्द ही अतिक्रमण हटाकर आमजन को राहत दिलाई जाएगी।



