मध्य प्रदेशहेल्थ

सिलवानी विकासखंड में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ, 25 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की जांच व उपचार
सिलवानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बुधवार को प्रदेश भर में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की गई। इसका शुभारंभ धार जिले से हुआ, जिसका सीधा प्रसारण संपूर्ण प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं में किया गया। इसी कड़ी में सिविल अस्पताल सिलवानी में भी दिन बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन हुआ।इस
अभियान का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ एसडीएम हर्षल चौधरी की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर बीएमओ डॉ. आरएस पटेल, मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विभोर जैन, भाजपा नेता संजय मस्ताना, पार्षद प्रतिनिधि मिलन जैन व पार्षद प्रदीप कुशवाहा पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू कंडेक्टर तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अपने संक्षिप्त उद्बोधन में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आरएस पटेल ने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, प्रसव पूर्व जांच, किशोरी स्वास्थ्य जांच शिशु टीकाकरण, पोषण आहार, स्तनपान, स्वच्छता व रोगों से बचाव संबंधी परामर्श दिया जाएगा। साथ ही एनीमिया टीबी, गैर संचारी रोग, बीपी, शुगर और कैंसर की जांच की भी सुविधा रहेगी। अभियान की शुरुआत अवसर पर सिविल अस्पताल सिलवानी में 170 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। ब्लॉक के 25 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां मरीजों की जांच व उपचार पूरी तरह निशुल्क होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी लाइव प्रसारित किया गया।
अभियान के अंतर्गत 25 सितम्बर को सिविल अस्पताल सिलवानी में वृहद रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम में विक्रम खत्री जयदीप साहू, इंदरसिंह कुशवाह शैलेन्द्र शर्मा, हेमंत सराठे पुष्पेन्द्रसिंह रघुवंशी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button