मध्य प्रदेशराजनीति

भाजपा ने शुरू किया ‘आजीवन सहयोग निधि अभियान’, 28 फरवरी तक चलेगा विशेष अभियान

सिलवानी । भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने नियमित संगठनात्मक एवं कार्यालयीन खर्चों की पूर्ति के लिए 11 फरवरी से ‘आजीवन सहयोग निधि अभियान’ की शुरुआत की गई है। यह अभियान 28 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पार्टी स्वैच्छिक सहयोग राशि एकत्रित कर संगठनात्मक गतिविधियों को सुदृढ़ करने का कार्य करेगी।
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष अभियान में दो महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। पहला, सहयोग निधि केवल डिजिटल माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार का कोई प्रश्न न उठे। दूसरा, 20 हजार रुपये से अधिक की सहयोग राशि देने वाले व्यक्तियों का पैन नंबर अनिवार्य रूप से लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं द्वारा सहयोग निधि संकलित की जा रही है। एकत्रित की गई राशि जिलों को उनके कार्यालय संचालन एवं संगठनात्मक गतिविधियों के खर्च हेतु प्रदान की जाती है। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तर से लेकर जिला और मंडल स्तर तक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आमजन एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से संपर्क कर स्वैच्छिक सहयोग का आग्रह किया जा रहा है।
बुधवार को पूर्व मंत्री रामपाल सिंह के नेतृत्व में भाजपा मंडल एवं जिला पदाधिकारियों ने नगर के भाजपा कार्यकर्ताओं से संपर्क कर अभियान की जानकारी दी और सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान संगठन की मजबूती और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, जिला मंत्री संदीप शर्मा, पुनीत समैया, परसोत्तम सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button