मध्य प्रदेशराजनीति

सांची विधानसभा को बजट में 50 करोड़ की 4 सड़कों की ऐतिहासिक सौगात

विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री का जताया आभार
रिपोर्टर : मसूद पटेल
रायसेन। मध्यप्रदेश शासन के चालू बजट में सांची विधानसभा क्षेत्र को करीब 50 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण सड़कों की सौगात मिली है। बजट में हुए इन प्रावधानों को क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया है। डॉ. चौधरी ने कहा कि यह बजट प्रदेश की समग्र प्रगति के साथ-साथ सांची विधानसभा की विकासात्मक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार आधारभूत संरचना को मजबूत कर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इन सड़कों के लिए हुआ प्रावधान
विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि बजट में सांची विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए उल्लेखनीय राशि स्वीकृत की गई है, जिनमें गैरतगंज के कढैया हनुमान मंदिर से तिजालपुर मार्ग हेतु 4.31 करोड़ रुपये, ब्लॉक गैरतगंज अंतर्गत जुझारपुर से उटकटा मार्ग के लिए 3.00 करोड़ रुपये, सेमरा से बेलनागढ़ी सड़क निर्माण हेतु 1.93 करोड़ रुपये प्रावधानित हुए हैं, वहीं भोपाल सागर मार्ग से काठसेमरा, बरामद सौंथर एवं सौंथर से अहमदपुर मार्ग के लिए 40 करोड़ रुपये प्रावधानित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा। ग्रामीण अंचलों में कृषि उपज के परिवहन, व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी। डॉ. चौधरी ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनका निरंतर प्रयास रहा है कि सांची विधानसभा के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री का यह सहयोग सांची क्षेत्र के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय से सांची विधानसभा को विकास के मानकों पर प्रदेश की अग्रणी विधानसभा बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button