मध्य प्रदेश

एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग तेज, महिला अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के नेतृत्व में अधिवक्ता समुदाय ने प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने तथा विशेष रूप से महिला अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव को ज्ञापन प्रेषित किया।
जिला सत्र न्यायालय परिसर में महिला अधिवक्ताओं ने शिवपुरी में अधिवक्ता संजय सक्सैना के साथ हुई गोली मारकर हत्या की घटना की कड़ी निंदा की। इस दुखद घटना से अधिवक्ता समुदाय में गहरी चिंता, आक्रोश और असुरक्षा की भावना व्याप्त है।
महिला अधिवक्ताओं की सुरक्षा समय की मांग
रेखा अंजू तिवारी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में अधिवक्ताओं, विशेषकर महिला अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने मांग की कि दिवंगत अधिवक्ता के परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए।
जिला अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष एडवोकेट संतु परौहा ने कहा कि अधिवक्ता संजय सक्सैना की निर्मम हत्या ने पूरे अधिवक्ता समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं, इसलिए सरकार को शीघ्र ही एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना चाहिए।
सात दिन में ठोस कदम नहीं तो आंदोलन
अधिवक्ता शिखा पांडेय ने चेतावनी दी कि यदि आगामी सात दिनों के भीतर अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो महिला अधिवक्ता समुदाय व्यापक लोकतांत्रिक जन-आंदोलन प्रारंभ करने के लिए बाध्य होगा।
जिला अधिवक्ता संघ की कार्यकारिणी सदस्य माधवी पांडेय ने शासन-प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोरतम कार्रवाई करने की मांग की।
इस अवसर पर महिला अधिवक्ता रेनू सिंह सोलंकी, एडवोकेट मेघा शर्मा, एडवोकेट माहेश्वरी विश्वकर्मा, एडवोकेट शीतल पटेल, अधिवक्ता जीत जायसवाल, अधिवक्ता संजय वैश्य, जूनियर अधिवक्ता रीनू पटेल, मीडिया प्रभारी अमन सिंह राजपाल, जूनियर अधिवक्ता श्रीकांत श्रीवास्तव सहित अनेक अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
अंत में अधिवक्ताओं ने एक स्वर में प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग दोहराई।

Related Articles

Back to top button